दो किलोमीटर तक हाथों में तिरंगा लेकर पैदल चले मंत्री जायसवाल, हजारों लोगों ने लिया हिस्सा; छात्राओं को वितरित कीं नि:शुल्क साइकिलें, नन्हे बच्चों का कराया अन्नप्राशन संस्कार
खड़गवां – एमसीबी – देशभक्ति और राष्ट्र गौरव की भावना से ओतप्रोत वातावरण में विकासखंड खड़गवां में स्वास्थ्य मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल के मुख्य आतिथ्य में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य मंत्री स्वयं हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर करीब दो किलोमीटर तक पैदल चले और आम नागरिकों, स्कूली छात्र-छात्राओं, जनप्रतिनिधियों तथा भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ कदम से कदम मिलाकर यात्रा की अगुवाई की।
तिरंगा यात्रा की शुरुआत स्वामी आत्मानंद शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खड़गवां से हुई। यात्रा गजमरवा पारा, होंडा शोरूम होते हुए जनपद ग्राउंड पहुंची, जहां जनपद पंचायत कार्यालय के सामने यात्रा का समापन हुआ। इसके बाद कार्यक्रम आमसभा में परिवर्तित हो गया।
हजारों लोगों ने बढ़ाया उत्साह
तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, स्कूली छात्र-छात्राएं, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती चंपा देवी पावले, जिला महामंत्री द्वारिका प्रसाद जायसवाल, पूर्व एवं वर्तमान मंडल अध्यक्ष धनंजय पांडे एवं अरुणोदय पांडे, एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायत सीईओ, बीएमओ सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
यात्रा के दौरान जगह-जगह स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का आत्मीय स्वागत किया। हाथों में तिरंगा लिए बच्चों, युवाओं और नागरिकों की मौजूदगी से पूरा खड़गवां क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। यात्रा के दौरान भारत माता के जयकारों और राष्ट्रभक्ति के नारों से वातावरण गूंजता रहा।
छात्राओं को मिलीं नि:शुल्क साइकिलें
जनपद ग्राउंड में आयोजित समापन समारोह में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने छात्राओं को नि:शुल्क साइकिलों का वितरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं दूर-दराज के क्षेत्रों से विद्यालय आने वाली बेटियों के लिए साइकिल शिक्षा की राह को आसान बनाएगी। इससे छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी और उनकी पढ़ाई में निरंतरता बनी रहेगी।
मंत्री ने कहा कि बेटियों की शिक्षा और उनका सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। शिक्षा के क्षेत्र में सुविधाओं का विस्तार कर विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
नन्हे बच्चों का कराया अन्नप्राशन संस्कार
कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भी स्वास्थ्य मंत्री शामिल हुए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं महिलाओं की मौजूदगी में उन्होंने नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार अपने हाथों से संपन्न कराया। इस दौरान बच्चों एवं उनके परिजनों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान से राष्ट्रभक्ति का संदेश
अपने संबोधन में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने तिरंगे के गौरव, देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य देश के प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय ध्वज और राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना से जोड़ना है।
उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, त्याग, बलिदान और गौरव का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
राष्ट्र निर्माण में योगदान का दिलाया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में स्वास्थ्य मंत्री ने उपस्थित लोगों को राष्ट्र की एकता-अखंडता बनाए रखने तथा राष्ट्र निर्माण और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास में अपना योगदान देने का संकल्प दिलाया। तिरंगा यात्रा के दौरान उमड़ा जनसैलाब और लोगों का उत्साह पूरे कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा।
खड़गवां में आयोजित यह तिरंगा यात्रा क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक सहभागिता और विकास के संदेश को मजबूत करने वाली पहल के रूप में सामने आई।
रिपोर्ट – योगेन्द्र प्रताप सिंह ब्यूरो चीफ
