डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
मध्यरात्रि में घेराबंदी कर पकड़ा आरोपी, 12 लाख से अधिक की जप्ती
डिंडौरी जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मध्यरात्रि में कार्रवाई करते हुए 101 लीटर से अधिक अंग्रेजी शराब सहित एक कार जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक वाहनी सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित वर्मा एवं एसडीओपी सतीश द्विवेदी के मार्गदर्शन में जिले में लगातार अवैध नशे के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 9 और 10 अप्रैल की दरमियानी रात को कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सिल्वर रंग की बलेनो कार में भारी मात्रा में अवैध शराब जबलपुर रोड से डिंडोरी लाई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मस्जिद मोहल्ला क्षेत्र में घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान कार से 12 पेटियों में भरी 101.880 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई। मौके से आरोपी अर्पित चौकसे (21 वर्ष), निवासी कछराटोला, थाना करनपठार को गिरफ्तार किया गया।
करीब 12.26 लाख की जप्ती
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक बलेनो कार (कीमत लगभग 10 लाख रुपये), दो मोबाइल फोन (करीब 1.30 लाख रुपये), नगद 1700 रुपये एवं अंग्रेजी शराब (कीमत लगभग 94,888 रुपये) जब्त की है। कुल जप्ती का मूल्य लगभग 12,26,588 रुपये आंका गया है।
नेटवर्क की पड़ताल जारी
पुलिस आरोपी से शराब के स्रोत और उससे जुड़े नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। संभावना जताई जा रही है कि इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबार में संलिप्त अन्य लोगों के बारे में भी अहम जानकारी मिल सकती है।
टीम का सराहनीय योगदान
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गा प्रसाद नगपुरे के नेतृत्व में पुलिस टीम के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिनकी सराहना की जा रही है।
डिंडोरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अवैध नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।







