डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
कृषि योजनाओं को गति देने बड़ा फेरबदल, 14 अधिकारियों की नई पदस्थापना
डिंडौरी में संजय दोषी उप संचालक, आर.पी.एस. नायक परियोजना संचालक आत्मा समिति और कृष्ण कुमार बडवाया चौहान सहायक संचालक पद पर पदस्थ
डिंडौरी।
मध्यप्रदेश शासन के किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग ने राज्य में संचालित धन-धान्य योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उप संचालक एवं सहायक संचालक स्तर के अधिकारियों के तबादले किए हैं। मंत्रालय द्वारा 6 मार्च 2026 को जारी आदेश के अनुसार विभाग के अधीन कार्यरत कुल 14 अधिकारियों को प्रशासनिक आधार पर विभिन्न जिलों में तत्काल प्रभाव से अस्थायी रूप से पदस्थ किया गया है। यह व्यवस्था आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी।
जारी आदेश के अनुसार अब तक संचालनालय किसान कल्याण तथा कृषि विकास, भोपाल में पदस्थ अधिकारियों को विभिन्न जिलों में जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि जिला स्तर पर योजनाओं का बेहतर संचालन और मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा सके।
आदेश के तहत संजय दोषी को उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास जिला डिंडौरी में पदस्थ किया गया है। वहीं अवनीश चतुर्वेदी को जिला अनूपपुर, आर.एस. गुप्ता को जिला सीधी, हरीश मालवीय को जिला निवाड़ी तथा के.एस. यादव को जिला शहडोल में उप संचालक के पद पर पदस्थ किया गया है।
इसी प्रकार आर.पी.एस. नायक को परियोजना संचालक आत्मा समिति डिंडौरी के पद पर जिम्मेदारी सौंपी गई है। गोपाल पाटीदार को कार्यालय उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास जिला शहडोल, श्याम यदुवंशी को जिला निवाड़ी, सतेन्द्र सिंह रघुवंशी को जिला सीधी तथा बसंत कुमार भाण्डेर को जिला अनूपपुर में कार्यालय उप संचालक के रूप में पदस्थ किया गया है।
इसके अतिरिक्त सहायक संचालक स्तर के अधिकारियों में रवि कुमार अमलियार को जिला टीकमगढ़, रेहम डॉवर को जिला अलीराजपुर, कृष्ण कुमार बडवाया चौहान को जिला डिंडौरी तथा कुलदीप शर्मा को जिला उमरिया में पदस्थ किया गया है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार राज्य में कृषि योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और किसानों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने के उद्देश्य से यह प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।







