
गोण्डाहूर (उत्तर बस्तर कांकेर): जिला पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक राखेचा (भापुसे) के निर्देशानुसार गोण्डाहूर पुलिस ने वन्यजीव तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुर्रे के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी रविकुमार कुजूर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी योगेश कुमार सोनी की टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम कुरूशबोडी में दबिश दी। यहाँ आरोपी रामसू मण्डावी, कोसिया कुमार और उनके साथियों के कब्जे से एक जंगली भालू की खाल बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग ₹1,00,000/- आंकी गई है।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने ढोरकट्टा के जंगल में भालू का शिकार कर उसका मांस पकाकर खाया और खाल को बिक्री के लिए सुखाकर रखा था। पुलिस ने मौके से खाल के साथ शिकार में प्रयुक्त जाल, कुल्हाड़ी, छुरी और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। पुलिस टीम ने सभी आरोपियों के विरुद्ध वन्य जीव संरक्षण अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है। कांकेर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना पुलिस हेल्पलाइन 94791-55125 पर अवश्य दें।
रिपोर्ट:मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़







