कांकेर पुलिस की बस संचालकों को दोटूक: यातायात नियमों की अनदेखी पर होगी जेल और रद्द होंगे लाइसेंस
कांकेर। जिला उत्तर बस्तर कांकेर में सुगम यातायात और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन अब पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। बुधवार को पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा (IPS) के मार्गदर्शन में पुलिस अधिकारियों और बस संचालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
अधिकारियों की मौजूदगी में कड़े निर्देश
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार साहू, प्रशिक्षु आईपीएस व थाना प्रभारी श्री प्रतीक दादासाहेब बनसोड़े, उप पुलिस अधीक्षक डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह और यातायात प्रभारी श्री दीपक साव ने बस संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों ने जोर देकर कहा कि यात्रियों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। बैठक में कलेक्ट्रेट से श्री लोकेश सिन्हा (DRM) और बड़ी संख्या में बस संचालक उपस्थित रहे।
नशे में ड्राइविंग और ओवरस्पीडिंग पर ‘जीरो टॉलरेंस’
पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि शराब या किसी भी नशीले पदार्थ का सेवन कर बस चलाने वाले चालकों को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में न केवल भारी जुर्माना लगाया जाएगा, बल्कि चालक का लाइसेंस भी निलंबित कर दिया जाएगा। साथ ही, ओवरस्पीडिंग और ओवरलोडिंग को दुर्घटनाओं का मुख्य कारण बताते हुए इस पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
शहर की यातायात व्यवस्था के लिए नया प्लान
शहर में ट्रैफिक को व्यवस्थित करने के लिए नए स्टॉपेज निर्धारित किए गए हैं। रायपुर रूट के लिए माकड़ी चौक, घड़ी चौक और बस स्टैंड तय किए गए हैं, जबकि जगदलपुर रूट की बसें ज्ञानी चौक और बस स्टैंड पर रुकेंगी। पीजी कॉलेज और घड़ी चौक को भी प्रमुख स्टॉप बनाया गया है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि मस्जिद चौक पर बसें खड़ी पाई गईं, तो तत्काल चालानी कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य
बस संचालकों को निर्देशित किया गया है कि प्रत्येक वाहन में फर्स्ट एड बॉक्स और फायर एक्सटिंग्विशर (अग्निशमन यंत्र) होना अनिवार्य है। इसके साथ ही प्रेशर हॉर्न के उपयोग और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। पुलिस ने सभी संचालकों से अपील की है कि वे फिटनेस और परमिट नियमों का सख्ती से पालन कर सुरक्षित सफर सुनिश्चित करने में सहयोग करें।
रिपोर्ट :मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़,
कैलाश साहू
बस्तर ब्यूरो,पुलिसवाला न्यूज़







