जनगणना प्रक्रिया की बारीकियों पर की विस्तृत समीक्षा
दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
मुंगेली, 13 अप्रैल 2026// जिले में आगामी जनगणना कार्य को सुव्यवस्थित एवं त्रुटिरहित ढंग से संपादित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जनगणना प्रशिक्षकों, मास्टर ट्रेनर्स एवं फील्ड ट्रेनर्स की महत्वपूर्ण बैठक लेकर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने जनगणना प्रक्रिया के प्रत्येक चरण की बारीकियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने प्रगणकों द्वारा मकान गणना कार्य की जानकारी ली तथा गणना प्रपत्रों के भरने की प्रक्रिया को विस्तार से समझा। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना एवं मकान सूचीकरण हेतु आवश्यक जानकारी एकत्र करेंगे तथा प्रत्येक प्रविष्टि को सावधानीपूर्वक दर्ज करेंगे। उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में शत-प्रतिशत शुद्धता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए।
बैठक में कलेक्टर ने प्रगणकों एवं फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षण में तकनीकी प्रक्रियाओं, प्रपत्रों के सही संधारण तथा डिजिटल प्रविष्टियों की बारीकियों को गहराई से समझने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रशिक्षण एवं अभ्यास सत्रों को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी गंभीरता से अपनी भूमिका निभाएं। कलेक्टर ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि विकास योजनाओं की मजबूत आधारशिला है। इसलिए प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और सजगता के साथ करें।
एडीएम श्रीमती निष्ठा पांडे तिवारी ने बैठक में जानकारी देते हुए बताया कि सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 15 अप्रैल से 24 अप्रैल तक चरणबद्ध रूप से आयोजित किया जाएगा। प्रथम चरण का प्रशिक्षण 15 से 17 अप्रैल, द्वितीय चरण 19 से 21 अप्रैल तथा तृतीय चरण 22 से 24 अप्रैल तक संपन्न होगा। उन्होंने बताया कि स्वगणना का कार्य 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक किया जाएगा, जबकि मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य 01 मई से 30 मई तक संचालित होगा। इस बार पहली बार नागरिक स्वगणना पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपना डेटा ऑनलाइन सबमिट कर सकेंगे। प्रगणक स्वगणना आईडी का सत्यापन कर प्रविष्टियों की समीक्षा करेंगे। इसके लिए अधिकृत वेबसाइट https://se.census.gov.in/ निर्धारित की गई है। बैठक में अपर कलेक्टर श्री जी.एल.यादव, जिला सांख्यिकी अधिकारी श्री प्रीतेश अहिरवार सहित मास्टर ट्रेनर्स एवं फील्ड ट्रेनर्स मौजूद रहे।
राज शेखर यादव
ब्यूरो चीफ पुलिसवाला मुंगेली







