रात के अंधेरे में क्षमता से अधिक रेत लेकर दौड़ रहा था हाइवा, पुलिस की चेकिंग में खुली पोल; चालक पर एमव्ही एक्ट के तहत कार्रवाई
बड़वारा। जिले में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी कड़ी में बड़वारा पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान ओवरलोड रेत से भरे हाइवा को पकड़कर जब्त कर लिया। वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक रेत भरी होने की पुष्टि वजन कराने पर हुई। पुलिस ने चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई कर मामला न्यायालय में प्रस्तुत किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर जिले में ओवरलोड वाहनों की धरपकड़ के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में 21 नवंबर की रात बड़वारा पुलिस गश्त कर रही थी। इसी दौरान हाइवा क्रमांक MP04 HE4383 पुलिस के हत्थे चढ़ा। संदेह के आधार पर वाहन को रोककर जांच की गई और रेत का वजन कराया गया। जांच में निर्धारित क्षमता से अधिक रेत लोड होना सामने आया।
पुलिस ने हाइवा चालक देवी प्रसाद यादव (36), पिता भूपत यादव, निवासी ग्राम कुम्हारी, जिला दमोह के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की। ओवरलोड परिवहन में प्रयुक्त हाइवा को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कराया गया। प्रकरण के निराकरण के लिए इस्तगासा तैयार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक मोनेन्द्र सिंह एवं प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र चढ़ार की सराहनीय भूमिका रही।
रिपोर्ट जितेंद्र मिश्रा कटनी
