ओडिशा से महाराष्ट्र जा रहा 72 लाख का गांजा जब्त, धमतरी पुलिस और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई

 

​धमतरी: जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत धमतरी पुलिस और वन विभाग को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सिहावा पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने सांकरा फॉरेस्ट नाके पर घेराबंदी कर एक कार से 127 किलो से अधिक अवैध गांजा बरामद किया है। इस मामले में महाराष्ट्र निवासी दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

​यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धमतरी के कुशल निर्देशन में संपन्न हुई। घटना 20 अप्रैल की शाम की है, जब सांकरा स्थित फॉरेस्ट नाके पर तैनात डिप्टी रेंजर एवं वन कर्मियों को एक सिल्वर रंग की कार (MH10-DQ-4294) संदिग्ध लगी। तत्काल इसकी सूचना थाना प्रभारी सिहावा को दी गई। पुलिस बल के मौके पर पहुँचने के बाद जब वाहन की सघन तलाशी ली गई, तो कार की डिक्की से सेलो टेप में लिपटे हुए गांजे के 62 पैकेट बरामद हुए।

​जब्त किए गए 127.09 किलोग्राम गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 63,54,500 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार, दो मोबाइल फोन और नगदी समेत कुल 72.71 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान संदीप विष्णु खोत (41 वर्ष) और स्वप्नील मुलिक (31 वर्ष), निवासी जिला सांगली, महाराष्ट्र के रूप में हुई है। आरोपियों के खिलाफ सिहावा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस सफल ऑपरेशन ने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क को एक गहरी चोट पहुँचाई है।

रिपोर्ट :मयंक श्रीवास्तव 

ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply

Exit mobile version