आपरेशन ईगल क्ला बेअसर, पुलिस थाने की दहलीज पर बिक रहा नशा, गर्त में जा रही युवा पीढ़ी
नशे की मंडी में तब्दील हुआ नया बाजार, आम नागरिकों में रोष व्याप्त
गोटेगांव : नरसिंहपुर जिले में नशा माफियाओं की कमर तोड़ने के लिए पुलिस कप्तान द्वारा चलाया जा रहा ऑपरेशन ईगल गोटेगांव नगर में पूरी तरह विफल नजर आ रहा है। विडंबना की बात यह है कि गोटेगांव थाना परिसर से महज कुछ ही दूरी पर स्थित साप्ताहिक नया बाजार क्षेत्र में स्मैक और गांजे जैसे घातक मादक पदार्थों का कारोबार निर्बाध रूप से चल रहा है। पुलिस प्रशासन की नाक के नीचे चल रही इन अवैध गतिविधियों ने न केवल कानून-व्यवस्था को सीधी चुनौती दी है, बल्कि पूरे नगर की शांति और भविष्य को भी दांव पर लगा दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नशे के सौदागरों ने कानून से बचने के लिए अब छोटे-छोटे नाबालिग बच्चों और युवतियों को ढाल के रूप में इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है, जिससे अपराधियों के मन से पुलिस का खौफ पूरी तरह खत्म होता नजर आ रहा है। नया बाजार जैसे व्यस्ततम क्षेत्र का नशे की मंडी में तब्दील होना स्थानीय नागरिकों के लिए गहरी चिंता और असुरक्षा का विषय बन गया है।
इनका कहना है
इस गंभीर मामले को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया का कहना है कि प्रकरण की सघन जांच कराई जाएगी और नया बाजार सहित नगर के अन्य हिस्सों में सक्रिय अवैध नशे के कारोबारियों को चिन्हित कर उन पर कठोरतम वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
