नीमच। दीपावली के दिन पटाखे चलाने को लेकर हुए विवाद में भाजपा नेता मनीष चौरसिया के बेटे ईशान की मौत के बाद नीमच पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने देर रात स्वयं मोर्चा संभालते हुए हाईवे स्थित होटल और ढाबों का औचक निरीक्षण किया।

एसपी राजेश व्यास एवं सीएसपी किरण चौहान भारी पुलिस बल के साथ जेतपुरा फंटे से जावद फंटे तक पहुंचे और रास्ते में संचालित होटलों एवं ढाबों की जांच की। अचानक पुलिस अधिकारियों की टीम पहुंचने से संचालकों में भी हलचल देखने को मिली।

ढाबों पर पहुंचकर जांचे आगंतुकों के रिकॉर्ड

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने होटल और ढाबा संचालकों से आवश्यक जानकारी ली। यहां आने-जाने वाले लोगों के रिकॉर्ड और आगंतुक रजिस्टर की बारीकी से जांच की गई। अधिकारियों ने संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक ग्राहक की जानकारी नियमानुसार दर्ज की जाए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज नहीं किया जाए।

रात 11:30 बजे के बाद नहीं खुलेंगे हाईवे के ढाबे

पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने हाईवे पर संचालित सभी होटल और ढाबा संचालकों को रात 11:30 बजे तक प्रतिष्ठान बंद करने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित समय के बाद संचालन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

घटना के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट

ईशान हत्याकांड के बाद पुलिस प्रशासन किसी भी तरह की लापरवाही के मूड में नहीं दिखाई दे रहा है। शहर से लेकर हाईवे तक पुलिस की गश्त बढ़ाई गई है। संवेदनशील क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल लगातार निगरानी रख रहा है।

एसपी राजेश व्यास की देर रात हाईवे पर पहुंचकर की गई यह कार्रवाई साफ संकेत देती है कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए पुलिस अब मैदानी स्तर पर सख्ती बरत रही है।

जिला ब्यूरो ललित सिंह चुंडावत, नीमच

Leave A Reply

Exit mobile version