डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
शहपुरा मे महिला एवं बाल विकास विभाग, परियोजना शहपुरा के अंतर्गत विद्यारंभ कार्यक्रम के तहत शहरी एवं ग्रामीण सेक्टरों की आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए प्रमाण पत्र वितरण एवं प्रवेश उत्सव समारोह उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। इस पहल का उद्देश्य आंगनबाड़ी में अध्ययनरत बच्चों को स्कूल शिक्षा की ओर प्रेरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव रखना रहा।
शहरी शहपुरा सेक्टर के आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में ग्रेजुएशन सेरेमनी का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें आंगनबाड़ी में शाला पूर्व शिक्षा प्राप्त कर चुके बच्चों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। ये प्रमाण पत्र बच्चों को आगामी कक्षाओं में प्रवेश लेने के लिए पात्र बनाते हैं, जिससे उनकी शिक्षा की निरंतरता सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों का पारंपरिक तरीके से तिलक लगाकर एवं पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया, जिससे पूरे माहौल में उत्साह और खुशी का वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर नगर परिषद शहपुरा के जनप्रतिनिधियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रमाण पत्र वितरित किए। कार्यक्रम में पार्षद सुरेंद्र साहू (वार्ड 9), देवेंद्र बनवासी (वार्ड 8) एवं मीरा बनवासी (वार्ड 2) विशेष रूप से उपस्थित रहे।
साथ ही सेक्टर सुपरवाइजर प्रतिभा साहू, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अनिता साहू एवं अन्य कार्यकर्ता-सहायिकाओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दौरान बड़ी संख्या में बच्चों के अभिभावक भी उपस्थित रहे और अपने बच्चों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की।







