ढाबों की चेकिंग में शराब बिक्री के 4 प्रकरण दर्ज, ग्रामीण क्षेत्र में 4 क्विंटल महुआ लाहन नष्ट

दमुआ। अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं विक्रय पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से दमुआ पुलिस ने मंगलवार को शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक व्यापक कार्रवाई की। पुलिस टीम ने शहर के विभिन्न ढाबों में सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए अवैध रूप से शराब बेचने एवं शराब से संबंधित गतिविधियों की जांच की।
चेकिंग के दौरान अवैध रूप से शराब का विक्रय करते पाए जाने पर पुलिस ने शराब संबंधी 4 प्रकरण दर्ज किए। कार्रवाई के दौरान ढाबा संचालकों एवं शराब का अवैध कारोबार करने वालों को भविष्य में इस तरह की गतिविधियों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

ढाबों पर शराब सेवन करने वालों को भी दी समझाइश

पुलिस टीम द्वारा ढाबों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर शराब का सेवन करते पाए गए लोगों को भी समझाइश दी गई। उन्हें सार्वजनिक एवं व्यावसायिक स्थलों पर शराब का सेवन नहीं करने तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने कहा कि अवैध शराब के कारोबार के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों पर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी लगातार नजर रखी जा रही है।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी कार्रवाई, 4 क्विंटल महुआ लाहन नष्ट

शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी दमुआ पुलिस ने अवैध शराब निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान अवैध शराब बनाने के लिए तैयार किया गया करीब 4 क्विंटल महुआ लाहन मौके पर नष्ट किया गया। पुलिस की कार्रवाई से अवैध शराब निर्माण में संलिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।

लगातार जारी रहेगी कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध शराब का निर्माण, परिवहन एवं विक्रय किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए ढाबों, संदिग्ध स्थानों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आगे भी लगातार चेकिंग और कार्रवाई जारी रखी जाएगी।

इस कार्रवाई में दमुआ *थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिरसाम एवं पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही* पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में प्रभावी कदम माना जा रहा है।

राष्ट्रीय समाचार पत्रिका पुलिस वाला असेंबली रिपोर्टर भगवानदास साहू

Leave A Reply