अवैध वेंडरों का मकड़ जाल कटनी मुड़वारा स्टेशन में ठेकेदार की दबंगई—मीडिया कर्मी को दी जान से मारने की धमकी
कटनी। कटनी मुड़वारा रेलवे स्टेशन में अवैध वेंडरों और अवैध कारोबार का जाल तेजी से फैलता नजर आ रहा है। “फास्ट फूड यूनिट” के नाम पर चल रहे इस खेल में ठेकेदार खुलेआम रेलवे के नियमों की धज्जियां उड़ा रहा है, जबकि जिम्मेदार अधिकारी मूकदर्शक बने हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, स्टेशन परिसर और ट्रेनों में अवैध वेंडर बेधड़क खाद्य सामग्री बेच रहे हैं। यात्रियों को बासी और अस्वच्छ भोजन परोसा जा रहा है, जिससे उनकी सेहत के साथ सीधा खिलवाड़ हो रहा है। फास्ट फूड यूनिट की आड़ में ट्रेनों तक खाने की सप्लाई की जा रही है, जो पूरी तरह नियमों के विपरीत है।
हैरानी की बात यह है कि यह अवैध कारोबार रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी पुलिस के सामने ही संचालित हो रहा है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर सन्नाटा पसरा हुआ है। अवैध वेंडर और ठेकेदार इतने बेखौफ हो चुके हैं कि उन्हें किसी भी प्रकार का डर नहीं है।
मामला तब और गंभीर हो गया जब इस पूरे खेल को उजागर करने पहुंचे मीडिया कर्मियों को ही ठेकेदार और उसके मैनेजर द्वारा धमकाया गया। आरोप है कि मैनेजर आकाश जायसवाल और रोहित जायसवाल ने खुलेआम कहा कि यदि दोबारा खबर प्रकाशित की गई तो जान से मार देंगे। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी दावा किया कि वे “ऊपर तक पैसा खिलाते हैं” और उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
इस घटना ने रेलवे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर जहां यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य दांव पर है, वहीं दूसरी ओर गुंडा तत्वों के हाथ में रेलवे की कैंटीन संचालन होने से व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
अब देखने वाली बात यह होगी कि रेलवे प्रशासन, आरपीएफ और जीआरपी इस पूरे मामले में कब तक चुप्पी साधे रहते हैं और क्या इन अवैध कारोबारियों पर कोई सख्त कार्रवाई होती है या नहीं……?
🖋️ पुलिसवाला न्यूज़ कटनी से पारस गुप्ता की रिपोर्ट







