​शहडोल-  विचारपुर सिंदूरी स्थित अल्ट्राटेक कोल माइंस प्रबंधन की मनमानी, वादाखिलाफी और तानाशाही रवैये के खिलाफ मजदूरों और स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा अब सड़कों पर उतर आया है. वेतन वृद्धि, चिकित्सा सुविधाओं और बुनियादी हक के लिए चल रहे अनिश्चितकालीन धरने और हड़ताल को समर्थन देने पहुंचे जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय अवस्थी ने प्रबंधन को कड़ी चेतावनी दी है.

 

​स्थानीय जमीनों पर कब्जा, पर ग्रामीण बुनियादी सुविधाओं से वंचित

 

धरनास्थल पर सिंहपुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अजीत सोनी ने आक्रामक तेवर दिखाते हुए प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाया कि जिस क्षेत्र की जमीन पर कोयला खदानें संचालित हो रही हैं, वहां के मूल निवासी आज भी शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं. कंपनी द्वारा सीएसआर (कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व) फंड का पैसा प्रभावित गांवों में खर्च करने के बजाय शहरी इलाकों में मनमाने ढंग से लगाया जा रहा है, जो सीधे तौर पर स्थानीय जनता के अधिकारों पर डाका है.

 

शोषण और वादाखिलाफी की सारी हदें पार

 

मजदूरों का आरोप है कि प्रबंधन नियमों को ताक पर रखकर काम करवा रहा है, न तो उन्हें नियमानुसार डबल ओवर-टाइम (OT) का भुगतान मिल रहा है और न ही सुरक्षा उपकरणों (सेफ्टी किट) की पुख्ता व्यवस्था है. इसके बावजूद प्रबंधन की आंखें नहीं खुल रही हैं.

 

कांग्रेस की दो टूक: समाधान नहीं हुआ तो होगा उग्र जनआंदोलन

 

कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट शब्दों में चेताया है कि यदि अल्ट्राटेक प्रबंधन ने मजदूरों की जायज मांगों और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण नहीं किया, तो कांग्रेस पार्टी स्थानीय जनों को साथ लेकर एक बड़ा और उग्र जनआंदोलन छेड़ेगी. इस पूरी स्थिति की संपूर्ण जिम्मेदारी अकेले अल्ट्राटेक कोल माइंस प्रबंधन की होगी.

 

 

   अजय पाल

Leave A Reply

Exit mobile version