अनूपपुर। जिले में लगातार हो रही झमाझम बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं। तेज बारिश के कारण तहसील अनूपपुर एवं उपतहसील फुनगा क्षेत्र में कई मार्गों पर जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई है। फुनगा से छिल्पा, बम्हनी, सेमरिया चौराहा, केसवाही होते हुए कोतमा मार्ग का संपर्क प्रभावित हुआ है।
धनगवां पश्चिम और बम्हनी के बीच स्थित छटन नदी में भारी बाढ़ आ गई है। नदी का पानी पुल के ऊपर से तेज बहाव के साथ गुजर रहा है, जिससे यहां आवागमन बेहद जोखिमपूर्ण हो गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार कौशलेंद्र मिश्रा एवं फुनगा चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और आवागमन रोक दिया।
अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों एवं राहगीरों को समझाइश देते हुए कहा कि नदी का पानी खतरे के निशान से ऊपर बहने के दौरान किसी भी स्थिति में नदी अथवा पुल को पार करने का प्रयास न करें। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश और बाढ़ की स्थिति में सावधानी बरतें तथा सुरक्षित स्थानों पर रहें, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
रिपोर्टर दिनेश केवट
अनुपपुर
