डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
अमेरा बस स्टैंड के पास पेड़ से टकराई कार, 4 घायल — डायल-112 की तत्परता से समय पर पहुंचा इलाज

डिंडोरी/शहपुरा,
जिले के शहपुरा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिससे उसमें सवार चार लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 15 फरवरी 2026 को रात करीब 10:30 बजे राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को सूचना मिली कि अमेरा बस स्टैंड के पास एक कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई है और कई लोग घायल हैं। सूचना मिलते ही शहपुरा थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 एफआरव्ही वाहन को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।

मौके पर पहुंचे डायल-112 स्टाफ आरक्षक दीपक वर्मा एवं पायलट किशन साहू ने पाया कि दुर्घटना में कार सवार चार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो चुके थे। पुलिस जवानों ने बिना देर किए सभी घायलों को अपने एफआरव्ही वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शहपुरा पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण घायलों को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सकी। स्थानीय लोगों ने भी डायल-112 टीम की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना की है।

पुलिस ने वाहन चालकों से रात्रि में सावधानीपूर्वक और नियंत्रित गति से वाहन चलाने की अपील की है, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

Leave A Reply

Exit mobile version