रायपुर
रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी सिंडिकेट का भंडाफोड़, 13 किलो गांजा जब्त

​ राजधानी के टिकरापारा थाना क्षेत्र में पुलिस ने ‘सूखे नशे’ के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़े अंतर्राज्यीय सिंडिकेट को ध्वस्त किया है। न्यू बस स्टैंड भाठागांव में की गई सघन चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कुल 12.938 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 6,50,000 रुपये आंकी गई है।

​वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई

​यह सफलता पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) श्री संदीप कुमार पटेल के कड़े निर्देशों के बाद मिली। कार्रवाई का संचालन अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (ADC) श्री राहुल देव शर्मा के निर्देशन एवं सहायक पुलिस आयुक्त श्री नवनीत पाटिल के मार्गदर्शन में किया गया। थाना प्रभारी टिकरापारा विनय सिंह बघेल के नेतृत्व में गठित टीम ने बस स्टैंड पर घेराबंदी कर संदिग्धों को दबोचा।

​दो प्रकरणों में 5 आरोपी गिरफ्तार

​प्रकरण 01: पुलिस ने एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 5.938 किलो गांजा मिला। आरोपियों की पहचान पिंकी हरिजन (ओडिशा), क्षीतिज प्रताप सिंह (जबलपुर), एक विधि से संघर्षरत बालक और रामकृष्ण तिवारी (रीवा) के रूप में हुई है।

​प्रकरण 02: चेकिंग के दौरान अरूण जाल (संबलपुर, ओडिशा) नामक व्यक्ति के ट्राली बैग से 7 किलो गांजा बरामद किया गया।

​होगी ‘Financial’ जांच

​पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में तस्करी के नेटवर्क को जड़ से उखाड़ने के लिए “End to End” कड़ियों को जोड़ा जा रहा है और आरोपियों की “Financial Investigation” भी की जा रही है ताकि नशे के अवैध कारोबार की कमर तोड़ी जा सके।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply

Exit mobile version