श्री गौड़ ब्राह्मण समाज रायपुर ने गो सम्मान आह्वान अभियान को दिया पूर्ण समर्थन
रायपुर (छत्तीसगढ़):
श्री गौड़ ब्राह्मण समाज संस्था रायपुर के अध्यक्ष श्री प्रहलाद मिश्रा सहित समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने गो सम्मान आह्वान अभियान को अपना पूर्ण समर्थन प्रदान किया है। इस संबंध में रायपुर में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में गौ-सम्मान,गौ-रक्षा,भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा तथा गोमाता को इस अभियान के माध्यम से संवैधानिक रूप से ‘राष्ट्रमाता’ का दर्जा दिलाने के विषय पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष श्री प्रहलाद मिश्रा एवं समाज के वरिष्ठ प्रमुखों ने कहा कि गौमाता भारतीय संस्कृति,सनातन परंपरा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की आधारशिला हैं। उनका संरक्षण केवल धार्मिक दायित्व नहीं, बल्कि सामाजिक,आर्थिक एवं पर्यावरणीय आवश्यकता भी है। उन्होंने समाज के सभी सदस्यों से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर आम जनमानस को गौ-सम्मान एवं गौ-रक्षा के प्रति जागरूक करें और इस अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप दें।
बैठक में समाज के प्रमुख पदाधिकारियों एवं सक्रिय सदस्यों प्रतिश शर्मा, नरेश शर्मा, संजय शर्मा, बसंत तिवारी, भजन सम्राट मनोज शर्मा, डॉ. के.के. शर्मा, प्रमोद शर्मा, विकास शर्मा (विक्की), श्रीकांत शर्मा, नवीन शर्मा, कैलाश पुजारी सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में अभियान को पूर्ण समर्थन देते हुए इसे समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाने की आवश्यकता पर बल दिया।
नंदी बाबा एवं गौमाता के सान्निध्य में सम्पन्न
यह महत्वपूर्ण बैठक नंदी बाबा एवं गौमाता के सान्निध्य में सम्पन्न हुई, जिसमें अभियान की भावी रणनीति एवं राष्ट्रव्यापी कार्ययोजना पर गहन चर्चा की गई। बैठक में स्पष्ट किया गया कि गो सम्मान आह्वान अभियान पूर्णतः अहिंसात्मक, शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक मार्ग पर आधारित होगा।
बैठक में यह भी बताया गया कि इस अभियान में न कोई मंच होगा, न कोई नेता, न कोई चेहरा और न ही किसी प्रकार का व्यक्तिगत प्रचार किया जाएगा। अभियान का एकमात्र उद्देश्य गोमाता को सम्मान दिलाना और समाज में उनके प्रति संवेदना व संरक्षण की भावना को सुदृढ़ करना है।
पाँच चरणों में संचालित होगा अभियान
बैठक में जानकारी दी गई कि गो सम्मान आह्वान अभियान को पाँच चरणों में संपन्न किया जाएगा। प्रथम चरण के अंतर्गत 27 अप्रैल 2026 को देश के 790 जिलों में एक साथ प्रार्थना पत्र सौंपे जाएंगे। इसके तहत प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल को भी प्रार्थना पत्र दिए जाएंगे। आगामी चरणों में जन-जागरूकता, सामाजिक सहभागिता एवं संवैधानिक संवाद को और अधिक सशक्त किया जाएगा। बैठक में यह भी कहा गया कि अभियान लोकतांत्रिक मूल्यों में पूर्ण विश्वास रखते हुए संवैधानिक प्रक्रिया के अंतर्गत संचालित किया जाएगा। साथ ही अभियान के आध्यात्मिक पक्ष को लेकर 33 कोटि देवी-देवताओं के आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन में आगे बढ़ने का विश्वास व्यक्त किया गया। सभी ने जन-जन तक अभियान पहुँचाने का संकल्प लिया !
अंत में उपस्थित ब्राह्मण समाज के वरिष्ठजनों ने एक स्वर में गोमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने,गौ-संरक्षण एवं संवर्धन के लिए इस अभियान को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।
श्री गौड़ ब्राह्मण समाज रायपुर के वरिष्ठजनों ने यह भी संकल्प व्यक्त किया कि समाज इस अभियान से सक्रिय रूप से जुड़कर धार्मिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं एवं युवाओं को गौ-संरक्षण और गो सम्मान आह्वान अभियान से जोड़ने का कार्य करेगा,ताकि आने वाली पीढ़ियों को भारतीय संस्कृति और गौ-परंपरा का महत्व समझाया जा सके।
समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि गो सम्मान आह्वान अभियान केवल एक जन-अभियान नहीं, बल्कि समाज के नैतिक उत्थान और सांस्कृतिक चेतना का सशक्त माध्यम है, जिसे जन-जन तक पहुँचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
रिपोर्ट : प्रवीण शर्मा | रायपुर (छत्तीसगढ़)



