कटनी/रीठी
कटनी जिले के रीठी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम टहकारी में मंगलवार शाम करीब 5 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां दो बाइकों की आमने-सामने से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही रीठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने 112 वाहन की मदद से घायलों को तत्काल उपचार के लिए रीठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं हादसे में मृत दोनों व्यक्तियों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में सुरक्षित रखवाया गया है।
फिलहाल मृतकों और घायलों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के गांवों से जानकारी जुटाने के साथ-साथ मामले की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
पुलिसवाला न्यूज़ कटनी से पारस गुप्ता की रिपोर्ट



