शहपुरा।
जनपद पंचायत शहपुरा अंतर्गत ग्राम कस्तूरी देवरी स्थित पावन हल-हल धारा में इन दिनों आध्यात्मिक वातावरण व्याप्त है। यहां श्रीमद् भागवत पुराण कथा एवं पार्थिव शिवलिंग निर्माण का भव्य एवं श्रद्धामय आयोजन 24 जनवरी 2026 से आरंभ हुआ है, जिसका समापन 31 जनवरी 2026 को विधिवत पूर्णाहूति के साथ किया जाएगा।

इस पावन आयोजन में श्रीमद् भागवत कथा का मधुर वाचन पं. सुरेश कुमार दुबे शास्त्री द्वारा किया जा रहा है। गुरुवार की कथा में उन्होंने रुक्मिणी विवाह, हरण तथा स्यामंतक मणि की दिव्य कथा का भावपूर्ण वर्णन किया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

वहीं शुक्रवार की कथा में सुदामा चरित्र का मार्मिक प्रसंग प्रस्तुत किया गया, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की सच्ची मित्रता का अद्भुत वर्णन हुआ। कथा श्रवण के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति, श्रद्धा और समर्पण भाव से कथा का रसपान किया।

इस आयोजन में राजेश कुमार दुबे, भजन सिंह, मसराम, जगदीश भवेदी, सम्हर सिंह उईके, महंत रविगिरी, राजू बरमैया, नरेश बरमैया, सुरेश बरमैया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। समस्त आयोजकों एवं ग्रामवासियों ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा रूपी अमृत का लाभ लेने की अपील की है।

हल-हल धारा का यह आयोजन क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना और भक्ति भाव को नई ऊर्जा प्रदान कर रहा है।

डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया

Comments are closed.

Exit mobile version