विराज पब्लिक स्कूल में गणतंत्र दिवस की धूम: देशभक्ति के रंग में रंगे नन्हे मुन्हें


रायपुर: राजधानी के देवपुरी स्थित विराज पब्लिक स्कूल में आज 77वाँ गणतंत्र दिवस गौरवशाली ढंग से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के डायरेक्टर यशवंत जैन एवं प्राचार्या इंद्रजीत कौर द्वारा ध्वजारोहण कर किया गया। इस गौरवपूर्ण अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ, विद्यार्थी और उनके अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों ने ओजपूर्ण भाषण, राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत कविताएं और देशभक्ति गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए। नन्हे कलाकारों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यालय परिसर में अपने पालकों की मौजूदगी ने बच्चों के उत्साह को दोगुना कर दिया।
खेल प्रतिभाओं का सम्मान
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ आज विद्यालय के वार्षिक खेल महोत्सव के विजेताओं के लिए ‘पुरस्कार वितरण समारोह’ भी आयोजित किया गया। विजेता छात्र-छात्राओं को पदक और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिससे खेल भावना को नई ऊर्जा मिली।
नेतृत्व के संदेश
यशवंत जैन (डायरेक्टर): “गणतंत्र दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमारे संविधान और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का दिन है। बच्चों में शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन और खेल भावना का विकास ही हमारा मुख्य उद्देश्य है।”
इंद्रजीत कौर (प्राचार्या): “आज के बच्चे ही कल के जिम्मेदार नागरिक हैं। विद्यालय का वातावरण बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित है। वार्षिक खेल महोत्सव और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से हम बच्चों के आत्मविश्वास को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का प्रयास कर रहे हैं।”

रिपोर्ट :मयंक श्रीवास्तव

Leave A Reply

Exit mobile version