एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट (ACCU), थाना गंज और थाना देवेन्द्र नगर की संयुक्त टीम ने तमिलनाडु के कुख्यात ‘त्रिची गिरोह’ (जिसे रामजी नगर गिरोह भी कहा जाता है) के 6 शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
वारदात का तरीका: ‘पंच और चोरी’
यह गिरोह विशेष रूप से उन कारों को निशाना बनाता था जिनके अंदर बैग या कीमती सामान दिखाई देता था। आरोपी बड़ी चालाकी से कार का कांच तोड़कर पलक झपकते ही नकदी और इलेक्ट्रॉनिक्स सामान लेकर फरार हो जाते थे। खुद को छिपाने के लिए ये अपराधी होटलों के बजाय रेलवे स्टेशनों पर रुकते थे और बिना टिकट रेल यात्रा कर एक राज्य से दूसरे राज्य भाग जाते थे।
96 घंटों में झारखंड से गिरफ्तारी
12 जनवरी को राजधानी के गंज और देवेन्द्र नगर क्षेत्र में दो बड़ी चोरियां हुई थीं, जिसमें लाखों की नकदी, लैपटॉप और टैब पार कर दिए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए IG श्री अमरेश मिश्रा के निर्देश पर 06 विशेष टीमें गठित की गईं। टीम ने हजारों CCTV फुटेज खंगालने और तकनीकी विश्लेषण के बाद आरोपियों को झारखंड के रांची (धुरवा डैम) से घेराबंदी कर पकड़ा, जहां वे अगली वारदात की फिराक में थे।
बरामदगी और आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का लैपटॉप, टैब, सोने के सिक्के, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है। गिरोह के सदस्यों ने छत्तीसगढ़ के अलावा महाराष्ट्र, ओडिशा, राजस्थान और दिल्ली में भी दर्जनों वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की है।
पुलिस टीम की सतर्कता: आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए चोरी किया गया लैपटॉप गरियाबंद के जंगलों में फेंक दिया था, जिसे रायपुर पुलिस की टीम ने सटीक लोकेशन ट्रैक कर मात्र 6 घंटे के भीतर बरामद कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी मूलतः तिरूच्चिराप्पल्ली (तमिलनाडु) के निवासी हैं:
किट्टू (55 वर्ष)
ए विनोद कुमार (43 वर्ष)
बाला मुरूगन (43 वर्ष)
कुमरेशन डी. (60 वर्ष)
भास्कर के. (55 वर्ष)
रंगन ए. (56 वर्ष)
अन्य राज्यों की पुलिस से संपर्क
इस गिरोह की सक्रियता आंध्र प्रदेश, ओडिशा, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, झारखंड, उत्तर प्रदेश और गुजरात में भी पाई गई है। रायपुर पुलिस अब इन राज्यों की पुलिस से संपर्क कर आरोपियों द्वारा की गई अन्य वारदातों का विवरण साझा कर रही है। वर्तमान में थाना गंज और देवेन्द्र नगर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जा रही है।
रिपोर्ट:मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़

Comments are closed.

Exit mobile version