बिलासपुर। गो माता की सेवा, सुरक्षा एवं सम्मान को लेकर गो सम्मान आह्वान अभियान के अंतर्गत बिलासपुर में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता नंदी बाबा एवं गौ माता के सान्निध्य में संपन्न हुई, जिसमें आसपास की 6 तहसीलों से बड़ी संख्या में गौ भक्त एकत्रित हुए।
बैठक में अभियान की भावी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। आयोजकों ने बताया कि यह अभियान पूरी तरह संवैधानिक, शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से संचालित किया जाएगा, जिसमें किसी भी प्रकार की हिंसा का प्रयोग नहीं किया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत पांच चरणों में कार्य किया जाएगा। पहले चरण में 27 अप्रैल 2026 को देशभर में प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल को प्रार्थना पत्र सौंपे जाएंगे। दूसरे चरण में 27 जुलाई 2026 को देश के 790 जिलों में एक साथ प्रार्थना पत्र सौंपे जाएंगे।
तीसरे चरण में 27 अक्टूबर 2026 को प्रत्येक राज्य एवं केंद्र शासित प्रदेश की राजधानी से संवैधानिक तरीके से लाखों की संख्या में प्रार्थना पत्र सौंपे जाएंगे।
तीन बार संवैधानिक रूप से मांग उठाने के बाद भी समाधान नहीं होने की स्थिति में 27 फरवरी 2027 से चौथे चरण की शुरुआत होगी, जिसमें 30 जिलों से प्रत्येक जिले के 1000 गौ भक्त दिल्ली पहुंचकर 7 दिनों तक लाखों प्रार्थना पत्र लिखकर प्रार्थना करेंगे। इसके पश्चात अगले राज्य के 30 जिले इसी क्रम में दिल्ली पहुंचेंगे। यह प्रक्रिया लगातार 6 माह तक संवैधानिक तरीके से जारी रहेगी। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि यह अभियान लोकतंत्र में लोकतांत्रिक माध्यमों से ही संचालित होगा और इसका आध्यात्मिक नेतृत्व 33 कोटि देवी-देवताओं के आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन से होने का विश्वास व्यक्त किया गया।
गौ भक्तों ने एक स्वर में गो माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने एवं गो संरक्षण को लेकर अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

रिपोर्ट: प्रवीण शर्मा

Comments are closed.

Exit mobile version