दुर्ग के पटेल चौक पर नई कलेक्टर गाइडलाइंस के विरोध में प्रदर्शन कर रहे जमीन व्यापारियों का प्रदर्शन उग्र हो गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस बल के बीच हुई झूमा झटकी में 6 पुलिस बल के जवानों को चोटें आई हैं। सभी घायल जवानों का मुलाहिज़ा कराया जा रहा है और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
पुलिस पर फेंके गए झंडे और पानी के पाउच
जानकारी के अनुसार, यह विरोध प्रदर्शन नई कलेक्टर गाइडलाइंस को लेकर किया जा रहा था। पटेल चौक पर चर्चा के दौरान भीड़ में से कुछ प्रदर्शनकारी हिंसक हो उठे। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बल पर झंडा और पानी की बॉटल एवं पानी के पाउच भी फेंके।

एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों द्वारा फेंके गए झंडे से महिला पुलिसकर्मी भी बाल-बाल बचीं।
चेतावनी के बाद भी भीड़ नहीं मानी, इसलिए पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज
पुलिस ने बताया कि भीड़ को कई बार चेतावनी दी गई, लेकिन प्रदर्शनकारी लगातार उग्र होते जा रहे थे और अनुचित प्रदर्शन कर रहे थे। स्थिति को नियंत्रित करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को अंततः लाठीचार्ज करना पड़ा।
फिलहाल, पटेल चौक पर स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस घटना से जुड़े अन्य प्रदर्शनकारियों की पहचान कर रही है।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ,पुलिसवाला न्यूज़