डिंडौरी मध्यप्रदेश
रिपोर्ट अखिलेश झारिया

डिंडौरी /शहपुरा

जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई सामने आई। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में खनिज विभाग की टीम ने शहपुरा तहसील क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान ओवरलोड रेत परिवहन करते एक हाइवा वाहन क्रमांक MP20WZ0992 को पकड़कर जप्त किया।

जानकारी के अनुसार उक्त वाहन ग्राम शहपुरा क्षेत्र में ओवरलोड रेत का परिवहन कर रहा था। वाहन चालक दीपांशु दुबे, निवासी करौंदी, तहसील शहपुरा, जिला डिंडोरी द्वारा खनिज नियमों का उल्लंघन करते हुए परिवहन किया जा रहा था। खनिज विभाग ने वाहन को जप्त कर सुरक्षार्थ थाना शहपुरा में खड़ा करा दिया है। मामले में खनिज नियमों के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और इसे कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

प्रशासन का कहना है कि जिले में अवैध उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

हालांकि, जिले में लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन की शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में यह सवाल भी उठने लगा है कि क्या यह कार्रवाई महज औपचारिकता है या वास्तव में अवैध खनिज माफियाओं पर प्रभावी लगाम कसने की ठोस शुरुआत?

स्थानीय नागरिकों का मानना है कि यदि लगातार और व्यापक स्तर पर जांच अभियान चलाया जाए, बड़े वाहनों की नियमित चेकिंग हो और दोषियों पर भारी जुर्माना व सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए, तभी अवैध परिवहन पर अंकुश संभव है। अन्यथा छिटपुट कार्रवाई से हालात में बड़ा बदलाव आना मुश्किल है।

अब देखना होगा कि प्रशासन की यह सख्ती आगे भी कायम रहती है या फिर यह कार्रवाई भी फाइलों तक सीमित रह जाती है। जिले की जनता को इंतजार है ठोस और निरंतर कार्रवाई का, जिससे खनिज संपदा की लूट पर सचमुच विराम लग सके।

Comments are closed.