धमतरी,
धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ऑनलाइन सट्टा खिलाते 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार, 17 लाख की संपत्ति जब्त
धमतरी जिले में अवैध गतिविधियों और जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत धमतरी पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। थाना रूद्री और सायबर सेल की संयुक्त टीम ने ग्राम मरादेव स्थित ग्रीन रिसॉर्ट के पास दबिश देकर ऑनलाइन सट्टा संचालित करते हुए एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
मैच पर लगवा रहा था दांव
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी भविष्य गंगवानी (19 वर्ष), निवासी जालमपुर वार्ड, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के बीच चल रहे क्रिकेट मैच पर मोबाइल ऐप के माध्यम से हार-जीत का दांव लगवा रहा था। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को रंगे हाथ दबोचा।
लाखों के मोबाइल और लग्जरी कार जब्त
पुलिस ने आरोपी के पास से भारी मात्रा में कीमती सामान बरामद किया है, जिसकी कुल कीमत 17 लाख रुपये आंकी गई है। जब्त की गई संपत्तियों का विवरण इस प्रकार है:
वाहन: एक काले रंग की XUV700 (कीमत लगभग 15 लाख रुपये)।
मोबाइल: एक iPhone 17 Pro और एक Samsung Fold 7 (प्रत्येक की कीमत लगभग 1 लाख रुपये)।
कानूनी कार्रवाई और पुलिस का सख्त संदेश
आरोपी के विरुद्ध थाना रूद्री में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टा और अवैध शराब जैसी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान निरंतर जारी रहेगा। गौरतलब है कि एक दिन पूर्व ही भखारा पुलिस ने भी पांच जुआरियों को पकड़कर कार्रवाई की थी।
रिपोर्ट :मयंक श्रीवास्तव
ब्यूरो चीफ, पुलिसवाला न्यूज़

Leave A Reply

Exit mobile version