मरीन ड्राइव BSUP कॉलोनी में पुलिस की सरप्राइज चेकिंग; तड़के 640 क्वार्टरों में दी दबिश, निवासियों का हुआ सत्यापन
रायपुर। राजधानी में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए पुलिस की सक्रियता बढ़ गई है। इसी कड़ी में आज तड़के थाना तेलीबांधा क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित BSUP कॉलोनी में पुलिस बल द्वारा औचक दबिश दी गई। सुबह लगभग 4:00 बजे 36 महिला पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम ने कॉलोनी के सभी 40 ब्लॉकों और 640 क्वार्टरों की सघन तलाशी ली। इस दौरान पुलिस ने वहां रहने वाले परिवारों का विस्तृत सत्यापन किया, जिसमें उनके कार्य और मूल निवास की जानकारी एकत्रित की गई। साथ ही, वाहनों के दस्तावेजों की जांच हेतु निवासियों को नोटिस जारी कर थाना तलब किया गया।
उल्लेखनीय है कि बीते 3 फरवरी को ‘संवाद से समाधान’ कार्यक्रम के तहत पुलिस के आला अधिकारियों ने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनी थीं। निवासियों द्वारा बताई गई समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने देवारपारा और कॉलोनी के बीच की टूटी दीवार का निर्माण करा दिया है और आपातकालीन संपर्क नंबर भी जारी कर दिया है, जबकि सीसीटीवी कैमरे लगाने की प्रक्रिया जारी है। लगातार पेट्रोलिंग और नशे के खिलाफ चल रहे अभियान का ही असर है कि इस सघन चेकिंग के दौरान कॉलोनी में कोई भी संदिग्ध व्यक्ति या आपत्तिजनक वस्तु प्राप्त नहीं हुई। पुलिस की इस मुस्तैदी से स्थानीय निवासियों ने सुरक्षा के प्रति संतोष व्यक्त किया है।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव

Leave A Reply

Exit mobile version