बिन्द्रानवागढ़ में सीआरपीएफ का सिविक एक्शन कार्यक्रम: जरूरतमंदों के चेहरे पर खिली मुस्कान

मैनपुर थाना अंतर्गत जी–65 बिन्द्रानवागढ़ चौकी क्षेत्र में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) द्वारा सिविक एक्शन प्रोग्राम का सफल आयोजन किया गया। 65 बटालियन सीआरपीएफ के कमांडेंट श्री रणविजय मिश्रा के नेतृत्व एवं श्री सुधींद्र सिंह (उप कमांडेंट) तथा निरीक्षक श्री डी. पी. चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम ने क्षेत्र के ग्रामीणों के बीच सुरक्षा बलों के प्रति विश्वास और आत्मीयता को और सुदृढ़ किया।

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के गरीब आदिवासी एवं बनवासी महिलाओं को साड़ी एवं कंबल वितरित किए गए। वहीं स्कूली बच्चों को पेन, किताबें, स्कूल बैग तथा खेल-कूद की सामग्री प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सकारात्मक पहल की गई। किसानों को भी कृषि कार्य हेतु आवश्यक उपकरण जैसे कुदाल, फावड़ा आदि सामग्री उपलब्ध कराई गई, जिससे उनके दैनिक कार्यों में सहूलियत होगी।

इस अवसर पर विशेष रूप से 65 बटालियन सीआरपीएफ के कमांडेंट श्री रणविजय मिश्रा, उप कमांडेंट श्री सुधींद्र सिंह, निरीक्षक श्री डी. पी. चतुर्वेदी, जीडी पीयूष कुमार सिंह, उपनिरीक्षक भुनेश्वरी नरेटी, चौकी प्रभारी बिन्द्रानवागढ़, कंपनी के जवान एवं भारी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

ग्रामीणों ने सीआरपीएफ के इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंदों की सहायता के साथ-साथ सुरक्षा बलों और आम नागरिकों के बीच सहयोग, विश्वास और भाईचारे की भावना को मजबूत करना रहा।
सिविक एक्शन प्रोग्राम के माध्यम से सीआरपीएफ ने यह संदेश दिया कि वे केवल सुरक्षा के लिए ही नहीं, बल्कि समाज के समग्र विकास और कल्याण के लिए भी प्रतिबद्ध हैं।

कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों के चेहरे पर मुस्कान और संतोष साफ झलक रहा था, जो इस आयोजन की सार्थकता को दर्शाता है।

नेहरू साहू जिला ब्यूरो गरियाबंद

Leave A Reply

Exit mobile version