छत्तीसगढ़िया अस्मिता, भाषा, संस्कृति और जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए निरंतर संघर्षरत छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना (गैर-राजनीतिक संगठन) ने संगठन को और सशक्त करते हुए राज साहू को प्रदेश संगठन मंत्री नियुक्त किया है।
यह नियुक्ति रायपुर स्थित ठाकुर रामगुलाम सिंह के निवास में आयोजित संगठन की महत्वपूर्ण बैठक में की गई, जहाँ प्रदेश कार्यकारिणी पदाधिकारियों एवं संरक्षकों की अनुशंसा पर रायपुर सहित अन्य जिलों में नई नियुक्तियाँ की गईं।
महासमुंद जिले की खल्लारी विधानसभा क्षेत्र के छोटे से गाँव भरवामुड़ा से निकलकर प्रदेश स्तर तक अपनी पहचान बनाने वाले राज साहू आज छत्तीसगढ़ में एक समर्पित, कर्मठ और जमीनी जनसेवक के रूप में जाने जाते हैं। साधारण ग्रामीण परिवेश में पले-बढ़े राज साहू ने हमेशा छत्तीसगढ़िया स्वाभिमान, सामाजिक सरोकार और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता दी है।
अपनी मेहनत, लगन और निरंतर सामाजिक सक्रियता के कारण वे संगठन के भरोसेमंद और लोकप्रिय चेहरे के रूप में उभरे हैं। प्रदेश संगठन मंत्री बनाए जाने पर राज साहू ने कहा कि उन्हें इस जिम्मेदारी पर गर्व है और वे अपने पद का पूर्ण निष्ठा व ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि छत्तीसगढ़िया किसान, मजदूर और आम जनता के साथ हो रहे शोषण व धोखाधड़ी के खिलाफ संगठन के माध्यम से हक-अधिकार की निर्णायक लड़ाई लड़ी जाएगी।
इसी बैठक में अन्य नियुक्तियाँ भी की गईं, जिनमें पूजा सिन्हा को महिला अध्यक्ष (रायपुर शहर जिला), धीरज साहू को जिला सचिव रायपुर, नोहर साहू को जिला उपाध्यक्ष रायपुर तथा गुलशन साहू को बेमेतरा शहर ग्रामीण का जिला अध्यक्ष बनाया गया।
बैठक में संगठन के महिला एवं पुरुष सेनानी, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और सभी ने संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।
राजधानी रायपुर | से प्रवीण शर्मा की खास रिपोर्ट
