रायपुर
छत्तीसगढ़ से राष्ट्र निर्माण की वैचारिक पहल: भारत विकास परिषद का “सचेतक मंच” गठित
Ease of Living और Ease of Doing Business पर केंद्रित होगा “सचेतक मंच”
विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की ओर छत्तीसगढ़ की ठोस सोच: “सचेतक मंच” की पहली बैठक
राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण वैचारिक पहल के अंतर्गत भारत विकास परिषद के थिंक-टैंक ग्रुप की प्रथम बैठक आज राजधानी रायपुर में आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से इस वैचारिक मंच का नाम “सचेतक मंच” रखा गया। यह मंच छत्तीसगढ़ के प्रबुद्ध नागरिकों, विशेषज्ञों एवं विभिन्न क्षेत्रों के अनुभवी व्यक्तियों के विचारों को संगठित कर केंद्र एवं राज्य सरकार तक पहुँचाने का कार्य करेगा।
बैठक में सर्वसम्मति से श्री गोपाल कृष्ण अग्रवाल को मंच का संयोजक तथा डॉ. विजय गोयल को सह-संयोजक नियुक्त किया गया। पदाधिकारियों ने मंच के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “सचेतक मंच” का लक्ष्य केवल विचार-विमर्श तक सीमित न रहकर, व्यावहारिक और नीति-उपयोगी सुझाव तैयार करना है, जिससे शासन एवं प्रशासन को ठोस इनपुट प्राप्त हो सके।
मंच का प्रमुख उद्देश्य राष्ट्र निर्माण में योगदान देना, Ease of Doing Business को सरल बनाना तथा आम नागरिकों के लिए Ease of Living (जीवन की सुगमता) में सुधार हेतु सार्थक सुझाव प्रस्तुत करना है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को ध्यान में रखते हुए मंच दीर्घकालिक दृष्टिकोण के साथ कार्य करेगा।
बैठक में श्री विनोद अग्रवाल, सीए किशोर बरड़िया, सीए छगन महावर, श्री सुरेश जैन, श्री विजय अग्रवाल, सीए अविनाश अग्रवाल, श्री अजय चौहान, श्री धर्मेन्द्र कोठारी, श्री दीपक लिखमनिया, श्री सुशील अग्रवाल एवं श्री नितिन करेचा सहित अनेक प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। सभी उपस्थित सदस्यों ने अपने अनुभव साझा करते हुए नीति-निर्माण में समाज की भूमिका को सशक्त करने पर बल दिया।
अंत में यह विश्वास व्यक्त किया गया कि “सचेतक मंच” विचारों की शक्ति के माध्यम से सकारात्मक परिवर्तन लाने वाला प्रभावी मंच सिद्ध होगा।
रिपोर्ट: मयंक श्रीवास्तव







