रायपुर 29 जनवरी 2025
छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए 27 चिकित्सा अधिकारियों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं समाप्त कर दी हैं। इसके अलावा, 21 अन्य चिकित्सा अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश जारी किए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इन चिकित्सा अधिकारियों और विशेषज्ञ चिकित्सकों के खिलाफ लंबे समय से अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने की शिकायतें मिल रही थीं। इन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, लेकिन इन्होंने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। अधिकारियों ने बताया कि ये चिकित्सक लगातार तीन वर्षों से अधिक समय तक अनुपस्थित रहे, जिससे उन्होंने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (अवकाश) नियमों का उल्लंघन किया। स्वास्थ्य विभाग ने इस गैरजिम्मेदाराना रवैये को गंभीरता से लेते हुए उनके खिलाफ यह कड़ा फैसला लिया है।
स्वास्थ्य विभाग ने अन्य 21 चिकित्सा अधिकारियों पर भी संदेह जताया है, जिन्हें लेकर विभागीय जांच के आदेश जारी किए गए हैं। इन अधिकारियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की जाएगी, और दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।
इस संबंध में इन चिकित्सकों को जारी कारण बताओ नोटिस और जवाब उपरांत सुनवाई प्रक्रिया के तहत पहले सभी अनुपस्थित चिकित्सकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। फिर सुनवाई के दौरान उपस्थित अधिकारियों और चिकित्सकों का पक्ष सुना गया और उनके अभ्यावेदन पर विचार किया गया। और जो चिकित्सक अनुपस्थित रहे और संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, उनकी सेवा समाप्त करने का निर्णय लिया गया।
छत्तीसगढ़ सरकार ने इस कदम को स्वास्थ्य सेवाओं में अनुशासन लाने के लिए जरूरी बताया है। सूत्रों के अनुसार ,”राज्य में चिकित्सा सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए यह निर्णय आवश्यक था। जो चिकित्सक अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा रहे थे, उन्हें हटाने के अलावा कोई विकल्प नहीं था। आगे की कार्रवाई में जांच के दायरे में आए 21 अधिकारियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।नई नियुक्तियों के जरिए स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार किया जाएगा ताकि जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।
तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारियों को भी कर्तव्य पालन के प्रति सतर्क रहने की चेतावनी दी गई है।
छत्तीसगढ़ में ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहले से ही भारी कमी है। ऐसे में डॉक्टरों की अनुपस्थिति से हालात और बिगड़ जाते हैं। इस कार्रवाई से स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की उम्मीद की जा रही है, लेकिन सवाल यह भी उठता है कि क्या सरकार इन रिक्तियों को जल्द भर पाएगी? आने वाले समय में इस दिशा में सरकार के कदमों पर सबकी नजरें टिकी रहेंगी।
( राजीव खरे ब्यूरो चीफ छत्तीसगढ़)
Leave a comment