गौ सम्मान आह्वान अभियान यात्रा का 1 मार्च को छत्तीसगढ़ में प्रवेश, 2 मार्च को रायपुर में होगी राज्य स्तरीय कार्यशाला
राजधानी रायपुर छत्तीसगढ़।
गौमाता को सम्मान दिलाने के उद्देश्य से देशभर में संचालित गो सम्मान आह्वान यात्रा का प्रथम चरण 1 मार्च को छत्तीसगढ़ में प्रवेश करेगा। यह यात्रा ओडिशा के अंगुल–संबलपुर मार्ग से होते हुए छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचेगी। यात्रा के अंतर्गत 2 मार्च को रायपुर में एक दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार, गो सम्मान आह्वान अभियान के तहत भारत के प्रत्येक राज्य में कार्यशालाओं का आयोजन कर संतों, समाजसेवियों एवं गौभक्तों को जोड़ा जा रहा है। रायपुर में प्रस्तावित कार्यशाला प्रातः 8 बजे से सायं 6 बजे तक आयोजित होगी, जिसमें देश के प्रमुख संत, विचारक एवं गौसेवा से जुड़े प्रतिनिधि शामिल होंगे।
इस अभियान का उद्देश्य गौसेवा, गोरक्षा और गौसम्मान को लेकर राष्ट्रव्यापी जनजागरण करना है। अभियान के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकारों तक गौ संरक्षण, गोवंश संवर्धन और गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग पहुंचाई जाएगी। आयोजकों का मानना है कि अभियान के माध्यम से सरकार तक यह संदेश पहुंचेगा कि देशभर में गौमाता को राष्ट्रमाता का सम्मान दिए जाने की जनभावना प्रबल है। अभियान के अंतर्गत किसी भी राजनीतिक दल या संस्था के बैनर तले न होकर, संत समाज के नेतृत्व में शांतिपूर्ण एवं संगठित प्रयास किए जा रहे हैं। अभियान के अध्यक्ष नंदी बाबा एवं प्रमुख संरक्षक भगवती गोमाता के मार्गदर्शन में यह यात्रा आगे बढ़ रही है।
रायपुर में कार्यशाला के समापन पश्चात गो सम्मान आह्वान यात्रा आगे महाराष्ट्र की ओर प्रस्थान करेगी। आयोजकों ने छत्तीसगढ़ के गौभक्तों, संतों एवं सामाजिक संगठनों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर अभियान को सफल बनाने की अपील की है।
रायपुर से प्रवीण शर्मा की खास रिपोर्ट







