डिंडौरी
डिंडौरी। मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियां अपने-अपने तरीके से प्रचार-प्रसार में जुटी हुई हैं। मंगलवार को आदिवासी बाहुल्य डिंडौरी जिले के मेंहदवानी विकासखंड मुख्यालय में गोंड़वाना गणतंत्र पार्टी के द्वारा विशाल रैली भर्रा टोला से काॅलेज रोड तक निकाली गई। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष व शहपुरा से गोंगपा प्रत्याशी अमान सिंह पोर्ते ने घर-घर जनसंपर्क करते हुए वोट रूपी आशीर्वाद मांगा। रैली अपने निर्धारित कार्यक्रम स्थल काॅलेज रोड मैदान पहुंची। जहां पर भव्य स्वागत किया गया।
मंचीय कार्यक्रम में स्वागत समारोह के पश्चात लगभग 200 लोगों ने गोंगपा की सदस्यता गृहण की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष व शहपुरा विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी अमान सिंह पोर्ते ने भाजपा और कांग्रेस पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि इतने सालों तक इन पार्टियों ने जनता को छलने का काम किया है। इस बार सबको मिलकर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी को विजय दिलाना है। इस कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे। मेंहदवानी, सारसडोली के लोगों ने गोंगपा की सदस्यता भी ली। कार्यक्रम में गोंगपा स्टार प्रचारक महेश बट्टी, बसपा जिलाध्यक्ष मोहम्मद असगर सिद्दीकी, गोंगपा संगठन मंत्री हरेन्द्र सिंह मार्को सहित अन्य नेताओं ने सभी से आरी छाप को वोट देने की अपील की। बहुजन समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष मोहम्मद असगर सिद्दीकी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि गोंडवाना गणतंत्र पार्टी 52 सीटों पर चुनाव लड़ रही है शेष सीटों पर हमारे बहुजन समाज पार्टी चुनाव लड़ रही है हम इस बार मध्य प्रदेश में अधिक से अधिक सीटें जीतकर सरकार बनाएंगे और इस बार हमारी पार्टी जीत कर प्रदेश में आदिवासी मुख्यमंत्री बनाएंगी।
कार्यक्रम में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी एवं बहुजन समाज पार्टी के समस्त पदाधिकारी कार्यकर्ताओं सहित भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
रिपोर्ट अखिलेश झारिया
Leave a comment